30 मई 2015 - 15:11
सेना कार्यवाही में कई आतंकवादी ढेर

सीरिया की सेना ने देश के कई प्रांतों में कार्यवाही करते हुए बड़ी संख्या में तकफ़ीरी आतंकियों को मार गिराया।

सीरिया की सेना ने देश के कई प्रांतों में कार्यवाही करते हुए बड़ी संख्या में तकफ़ीरी आतंकियों को मार गिराया।
सीरियाई समाचार एजेंसी साना के अनुसार आमेरिया, बुस्तान बाशा, वायु सेना के कॉलेज के चारों ओर और जबल समआन सहित हलब प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों में सीरिया की सेना ने आतंकियों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए उनमें से कई को मार गिराया और अनेक को घायल कर दिया। इसी प्रकार उत्तर पश्चिमी प्रांत इदलिब के हवाई अड्डे के निकट, अबू ज़हूर, जबल अरबईन, मुसय्यबीन और कफ़र नज्द के क्षेत्रों में भी सीरिया की सेना ने आतंकियों को भारी नुक़सान पहुंचाया।
सीरियाई सेना ने होम्स से पालमीरा जाने वाले राजमार्ग पर लगाए गए 18 बमों को भी निष्क्रिय बना दिया। क़ुनैतरा प्रांत में सेना ने आतंकियों के कई ठिकानों पर हमले किए जिनमें बड़ी संख्या में आतंकवादी मारे गए। इसी प्रकार दरआ प्रांत में सीरियाई सेना ने नुस्रा फ़्रंट के आतंकियों से झड़प में कई लोगों को मार गिराया। हसका प्रांत के रासुलऐन क्षेत्र में इस समय भी सेना और आतंकियों के बीच झड़पें जारी हैं।